ख़ाली पेट क्या खाएं, क्या नहीं, इसकी जानकारी ज़रूरी है क्योंकि यह दिन का पहला भोजन जो होगा।
दिनभर ऊर्जावान बने रहने के लिए सुबह नाश्ता करना आवश्यक है। नाश्ते में पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए लेकिन कई बार जानकारी के अभाव में लोग नाश्ते में ग़लत खाद्य पदार्थों का सेवन कर लेते हैं जिसके कारण पाचन से जुड़ी समस्याएं व अन्य बीमारियां भी हो सकती हैं। आइए जानते हैं कि सुबह ख़ाली पेट किन खाद्य पदार्थों के सेवन से परहेज़ करना चाहिए ...
चाय-कॉफी
अक्सर लोग अपने दिन की शुरुआत चाय या कॉफी से करते हैं। यह ठीक नहीं है क्योंकि ख़ाली पेट चाय या कॉफी का सेवन करने से पेट में गैस की समस्या हो सकती है। ऐसा करने से पाचन तंत्र में हाइड्रोक्लोरिक एसिड का स्राव बढ़ जाता है जिससे कुछ लोगों में गैस्ट्राइटिस (पेट में सूजन) की समस्या भी हो सकती है। इसलिए सुबह चाय या कॉफी ख़ाली पेट लेने के बजाय बिस्किट, ब्रेड के साथ ले सकते हैं।
खट्टे फल
फल सेहत के लिए बहुत फ़ायदेमंद हैं लेकिन ख़ाली पेट खट्टे फल खाने से एसिड अधिक बन सकता है। फलों में भरपूर मात्रा में फाइबर और फ्रुक्टोज़ पाया जाता है जिससे आपका पाचन तंत्र धीमा पड़ सकता है। इसलिए आपको ख़ासतौर पर अमरूद और संतरे जैसे खट्टे फलों का सुबह ख़ाली पेट सेवन करने से बचना चाहिए।
कच्ची सब्जि़यां
ख़ाली पेट सलाद और कच्ची सब्जि़यां खाना नुकसानदायक हो सकता है, क्योंकि इनमें फाइबर पाए जाते हैं जो ख़ाली पेट खाने पर आसानी से नहीं पच पाते हैं। इनके सेवन से पेट भारी लगना, पेट फूलना और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
केला
ख़ाली पेट केले के सेवन से शरीर में मैग्नीशियम की मात्रा ज़्यादा बढ़ जाती है जिसकी वजह से शरीर में कैल्शियम और मैग्नीशियम की मात्रा का संतुलन बिगड़ सकता है इसलिए सुबह के समय ख़ाली पेट केला खाने से परहेज करें।
ठंडे पेय पदार्थ
ख़ाली पेट ठंडे पेय पदार्थ के सेवन से आपके म्यूकस मेम्ब्रेन को नुकसान पहुंच सकता है और दिनभर आपका पाचन धीमा पड़ सकता है। इसलिए सुबह ख़ाली पेट गुनगुने पेय पदार्थ का सेवन करना चाहिए।
टमाटर
टमाटर का सेवन लाभदायक होता है लेकिन ख़ाली पेट टमाटर खाना बेहद नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। टमाटर में साइट्रस एसिड पाया जाता है जो पेट में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल एसिड के साथ मिलकर पेट में गैस, दर्द और सीने में दर्द की समस्या पैदा कर सकता है।
दही
दही का सेवन सेहत के लिए अच्छा माना जाता है। लेकिन सुबह ख़ाली पेट दही खाने से फायदे की बजाय नुकसान हो सकता है। इससे पेट में हाइड्रोक्लोरिक एसिड का निर्माण हो सकता है जो पेट में मौजूद लैक्टिक एसिड को ख़त्म कर देता है जिससे एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
तीखा भोजन
सुबह ख़ाली पेट नाश्ते में मिर्च और मसाले से भरपूर भोजन के सेवन से पेट में जलन व ऐंठन हो सकती है। मिर्च और मसाले तीखे होने के कारण अपच की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए ख़ाली पेट मसालेदार खाद्य पदार्थों को खाने से परहेज़ करें।
ख़ाली पेट इनका सेवन करें
गुनगुने पानी के साथ शहद लें
सुबह के समय गुनगुने पानी में एक चम्मच शहद डालकर पिएं। यह बहुत सारे खनिज, विटामिन, फ्लेवनॉइड और एंज़ाइम प्रदान करता है जो पेट को साफ़ व स्वस्थ रखने में मददगार होते हैं। इसके अलावा यह वज़न कम करने में भी सहायक होता है।
एलोवेरा जूस
अगर आपका पेट साफ़ नहीं रहता है या पेट से जुड़ी कोई समस्या है तो आप ख़ाली पेट एलोवेरा का जूस लें। इससे न केवल आपका पेट साफ़ हो जाता है बल्कि कब्ज़ की समस्या भी आसानी से दूर हो जाती है।
यदि आप अच्छा परिणाम पाना चाहते हैं, तो इसके इस्तेमाल से पहले चिकित्सक की सलाह लेना ना भूलें।
प्रिय पाठ्कों
से अनुरोध है,
अपनी प्रतिक्रिया-Comment
कर सकते है,
आपकी प्रतिक्रिया का
हमें इंतजार रहेगा,
ये आपका अपना
मंच है, लेख
पसंद आने पर
Share और Like
जरुर करें

0 Comments