मौसम की तपिश बढ़ने लगी है। घर के भीतर रहना सुखद भी लगता है, लेकिन इस समय सेहत का विशेष ध्यान रखना भी ज़रूरी है।
चिपचिपी गर्मी त्वचा के लिए मुश्किलें पैदा करती है, वहीं पाचन तंत्र के लिए भी सावधान रहने की हिदायत साथ लाती है। देखिए, घर में ही रहते हुए क्या कर सकते हैं हम।हाइड्रेटेड रहें
ढेर सारा पानी पीना, कैरी का पना, शर्बत (ठंडा नहीं), स्मूदी आदि के नियम बना लें। भले ही बाहर ज़्यादा ना जा रहे हों, लेकिन गर्म मौसम में शरीर से नमी तो जाती रहेगी ही। इसलिए वयस्क कम से कम 8 गिलास और बच्चे कम से कम 5 गिलास पानी ज़रूर पिएं।
ढीले कपड़े पहनें
फिट कपड़ों से तौबा कर लें। इसमें जहां पसीने के सूखने की गुंजाइश कम होगी, वहीं त्वचा में संक्रमण और बदबू पनपने की आशंका ज़्यादा होगी। इसलिए हल्के रंग के, वज़न में भी हल्के, ढीले कपड़े पहनें।
व्यायाम ज़रूरी है
गर्मी है, इसलिए व्यायाम से दूरी ना बनाएं। ऐसा ना सोचें कि पसीना तो वैसे भी निकल ही रहा है, तो कसरत क्यों करें। योग, व्यायाम, ध्यान करते रहें। एकदम सुबह के समय व्यायाम करने से सुबह की ताज़ी हवा भी मिलेगी और कसरत में मन भी लगेगा।
अच्छी नींद लें
गर्म मौसम में नींद बार-बार खुलती है, इसलिए कमरे का तापमान ऐसा रखें कि नींद बाधित ना हो। इस समय एसी के इस्तेमाल से गुरेज़ करने को कहा जा रहा है, तो खिड़कियां जिस कमरे में हों, वहां सोएं। ताज़ी हवा कमरे को ठंडा रखेगी। अच्छी नींद शारीरिक ही नहीं मानसिक सेहत के लिए बहुत ज़रूरी है।
फल-सलाद की जगह रखें
अपने भोजन की थाली का एक कोना ताज़ा सलाद या किसी फल के लिए ज़रूर तय करके रखें। खीरा, ककड़ी, केला, गाजर, आम के एक-दो टुकड़े आदि का सेवन ज़रूर करें। विटामिन और खनिज के अलावा ये अन्य पोषक तत्वों के भी अच्छे स्रोत होते हैं।
पसीने की बदबू से बचाव
अपने नहाने के पानी में गुलाब जल डालें। नहाने के बाद डियो या टैल्कम का इस्तेमाल करें। घर में रहने के बावजूद हल्का सनस्क्रीन लगाने में कोई हर्ज नहीं है। अगर त्वचा तैलीय है, तो दिन में तीन-चार बार मुंह पर पानी के छींटे मारें या गुलाब जल स्प्रे करें।
लक्षणों पर ध्यान दें
इन दिनों पेट का गड़बड़ हो जाना सामान्य होता है। बेवक़्त ना खाएं। ठंडे खाने और पुराने हो चुके फलों को ना खाएं। पीने के पानी की स्वच्छता का भी ध्यान रखें। उबला पानी पीने को दिनचर्या में शामिल करें।
उंगलियों का रखें ध्यान
पैरों और हाथों की उंगलियों के बीच में पसीने के कारण कभी-कभी संक्रमण हो जाता है। यूं भी बार-बार हाथ धोने की हिदायत तो अभी है ही, तो इससे हाथ साफ़ व नम रहेंगे। घर में ही रहते हुए पैरों को बार-बार गीला ना करना चाहें, तो उंगलियों के बीच में टैल्कम डालकर उन्हें सूखा रख सकते हैं।यदि आप अच्छा परिणाम पाना चाहते हैं, तो इसके इस्तेमाल से पहले चिकित्सक की सलाह लेना ना भूलें।

0 Comments