कहते हैं, देवी लक्ष्मी चंचल हैं। इसीलिए जब वे किसी पर कृपा करती हैं तो उस कृपा का ढंग निराला होता है। पुराने समय में एक बहुत धनवान व्यक्ति के सपने में देवी लक्ष्मी आईं। देवी ने धनी से कहा, 'मैं देख रही हूं कि धीरे-धीरे तुम्हारा पुण्य खत्म हो रहा है। जैसे ही ये पूरी तरह खत्म होगा, मैं तुम्हें छोड़कर चली जाऊंगी, लेकिन क्योंकि तुम अच्छे व्यक्ति हो तो मैं जाते-जाते तुम्हारी इच्छा पूरी कर सकती हूं। तुम जो चाहे वो मांग सकते हो।'
धनी व्यक्ति ने कहा, 'मैं पहले मेरे तीन बेटों से और पत्नी से बात कर लूं, फिर मैं आपको बताऊंगा कि मुझे क्या चाहिए।'सुबह उठने के बाद धनी व्यक्ति
ने अपने बेटों को और पत्नी को सपने की बात बताई। बड़े बेटे कहा, 'बिना संकोच किए आप
बहुत सारे जेवर और नगद धन मांग लो।'
दूसरा बेटा बोला, 'बहुत सारे
घर और धन-संपत्ति मांग लो।' तीसरा बेटा बोला, 'बहुत सारी दुकानें और सुख-सुविधा की
चीजें मांग लो।'
अब धनी व्यक्ति ने अपनी पत्नी
से पूछा, 'तुम्हारी क्या इच्छा है, देवी से क्या मांगना चाहिए?'
धनी की पत्नी बहुत धार्मिक स्वभाव
वाली और बुद्धिमान थी। उसने कहा, 'अपने तीनों बेटे जो मांग रहे हैं, वह लक्ष्मी दे
भी देंगी, लेकिन देवी कह रही हैं कि इसके बाद वे चली जाएंगी। अगर इन भौतिक चीजों में
से लक्ष्मी ही चली गईं तो ये चीजें हमारे किसी काम की हैं? हम धन में देवी-देवताओं
को देखते हैं, इसीलिए पूजते हैं। हमारे धन कमाने का और धन खर्च करने का तरीका पवित्र
होना चाहिए। आप लक्ष्मीजी से कहिए, देवी हमें ये सब दे न दें, लेकिन हमारे घर में भक्ति,
प्रेम और करुणा बनी रहे, ये वर मांग लेना।'
अगले दिन फिर देवी धनी व्यक्ति
के सपने में प्रकट हुईं। धनी ने वही मांगा, जो उसकी पत्नी ने कहा था। लक्ष्मीजी उसकी
बात सुनकर बहुत प्रसन्न हुईं और बोलीं, 'ये मांगने की सलाह तुम्हें किसी लक्ष्मी ने
ही दी होगी।'
सीख - धन-दौलत तो गलत ढंग से भी घर में आ सकती है, लेकिन ऐसा धन अशांति देता है। धन हमेशा सही तरीके से कमाएं और अपने घर में प्रेमपूर्वक रहना चाहिए। शांति बनाए रखें और दूसरों की मदद करते रहें। जिन घरों में इस बात का ध्यान रखा जाता है, वहां देवी लक्ष्मी हमेशा वास करती हैं।
यदि आप अच्छा परिणाम पाना चाहते हैं, तो अपने पंडित जी की सलाह लेना ना भूलें।

0 Comments